बिलासपुर। वन विभाग के डिप्टी रेंजर के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने वाले मुख्य आरोपी को थाना कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। मामला लकड़ी तस्करी से जुड़ा है, जो ग्राम सेमरिया के पास शिव तालाब क्षेत्र से सामने आया। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS) के निर्देश पर इस मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई की गई।
दिनांक 02 जनवरी 2025 को ग्राम सेमरिया वन क्षेत्र के बीट में लकड़ी तस्करी की सूचना पर डिप्टी रेंजर और गार्ड ने शिव तालाब के पास एक सफेद पिकअप वाहन को रोका। वाहन में चोरी की लकड़ी भरी हुई थी। जब अधिकारियों ने तस्करों को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए डिप्टी रेंजर और अन्य अधिकारियों के साथ गाली-गलौज की और मारपीट की।
मुख्य आरोपी टम्पाल ध्रुव (40) निवासी ग्राम सेमरिया, पिता स्व. गोविंद सिंह ध्रुव, और अन्य साथी दिनेश ध्रुव एवं अंधियार सिंह उर्फ भूरवा पर धारा 121(1), 132, 221, 296, 351(1), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसी तरह की घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र में 22 दिसंबर 2024 की रात खनिज जांच चौकी लावर पर शासकीय कार्य में बाधा का मामला सामने आया था। आरोपी रंजीत काटले ने जांच चौकी के कर्मचारियों से गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और चौकी में तोड़फोड़ की थी। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इन घटनाओं ने शासकीय कार्य में बाधा और सरकारी अधिकारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं। सरकारी कर्मचारी, जो समाज की भलाई और नियमों को लागू करने के लिए कार्यरत होते हैं, उनके साथ इस तरह की घटनाएं न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।


