बिलासपुर। शहर में आदतन अपराधियों के बढ़ते हौसले एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में देर रात घर लौट रहे नाबालिग युवकों का रास्ता रोककर शराब पीने के लिए रुपये मांगने और विरोध करने पर उनकी बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ नाबालिग युवक अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र के आदतन अपराधी अमन गुप्ता, नमन सलूजा एवं उनके अन्य साथियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने युवकों से शराब पीने के लिए रुपये मांगे। जब नाबालिगों ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट कर दी।
मारपीट के बाद डरे-सहमे नाबालिग किसी तरह वहां से निकले और घटना की जानकारी अपने बड़े भाई को दी। इसके बाद पीड़ित पक्ष सीधे सिविल लाइन थाना पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 115(2), 119(1), 126(2), 296, 3(5) एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है और मामले की विवेचना की जा रही है।
यह घटना इस बात का संकेत है कि शहर के कुछ इलाकों में आदतन अपराधियों का दुस्साहस अब इस हद तक बढ़ चुका है कि वे राह चलते नाबालिगों को भी नहीं बख्श रहे। सार्वजनिक स्थानों पर रास्ता रोककर शराब के लिए पैसे मांगना और विरोध करने पर मारपीट करना कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती माना जा रहा है। ऐसे मामलों में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर लोगों की नजर टिकी हुई है।


