बिलासपुर/तखतपुर। वार्ड क्रमांक 7 में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करीब 25 से 30 वर्षीय एक महिला अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। देखते ही देखते महिला टावर के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गई और वहां बैठ गई। जमीन से काफी ऊंचाई पर महिला को बैठा देख आसपास के लोगों के होश उड़ गए। मौके पर देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए मोर्चा संभाला। पुलिसकर्मियों ने नीचे से महिला को लगातार समझाइश देते हुए नीचे आने की अपील की, लेकिन मामला इतना आसान नहीं था। पुलिस और लोगों की आवाज सुनकर महिला नीचे आने के बजाय और ऊपर चढ़ती चली गई। हर पल ऐसा लग रहा था कि जरा सी चूक भारी पड़ सकती है।
बताया गया कि सुबह करीब 11:30 बजे लोगों की नजर टावर पर गई, जहां महिला को इतनी ऊंचाई पर बैठे देखा गया। इसके बाद देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और बेहद सावधानी से महिला को समझाने का प्रयास शुरू किया।
करीब सवा घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती महिला को बिना घबराए नीचे लाने की थी। महिला की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने जल्दबाजी के बजाय धैर्य और सूझबूझ से काम लिया। आखिरकार पुलिस की लगातार समझाइश और प्रयास रंग लाए और महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
महिला के नीचे उतरते ही पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि इस पूरी घटना के दौरान महिला को किसी तरह की चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया।
थाना प्रभारी सुशील कुमार साहू के अनुसार, प्राथमिक पूछताछ में महिला के पेंड्रा-गौरेला क्षेत्र की रहने वाली होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने तत्काल उसके परिजनों से संपर्क किया है। परिजनों ने तखतपुर पहुंचने की बात कही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के पहुंचने तक महिला की सुरक्षा और स्वास्थ्य को देखते हुए उसे सेंदरी स्थित मानसिक स्वास्थ्य अस्पताल में रखा जाएगा। महिला आखिर किस वजह से मोबाइल टावर पर चढ़ी थी, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस अब परिजनों के आने के बाद पूरे मामले की जानकारी जुटाएगी।
फिलहाल तखतपुर की इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर महिला ऐसी स्थिति में क्यों पहुंची कि उसे अपनी जान जोखिम में डालकर मोबाइल टावर पर चढ़ना पड़ा। कारण चाहे जो भी हो, समय रहते पुलिस की सतर्कता और समझाइश ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
वीडियो…


