Thursday, April 23, 2026
Homeछत्तीसगढ़उपचुनाव / दंतेवाड़ा, हमीरपुर समेत 4 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग आज;...

उपचुनाव / दंतेवाड़ा, हमीरपुर समेत 4 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग आज; 27 को होगी मतगणना

   दंतेवाड़ा में भाजपा विधायक भीमा मंडावी नक्सली हमले में हत्या के बाद खाली हुई थी सीट

   हमीरपुर से भाजपा विधायक अशोक चंदेल को सामूहिक नरसंहार मामले में सजा होने के बाद उनकी सदस्यता रद्द की गई

 

रायपुर/लखनऊ. चार राज्यों की चार विधानसभा सीटों के लिए सोमवार सुबह से मतदान शुरू हो गया है। छत्तीसगढ़ की दंतेवाड़ा, केरल की पाला, त्रिपुरा की बाधरघाट और उत्तर प्रदेश की हमीरपुर सीट पर वोट डाले जा रहे हैं। चारों सीटों पर मतगणना 27 सितंबर को होगी। दंतेवाड़ा में भाजपा विधायक भीमा मंडावी की नक्सली हमले में हत्या के बाद सीट खाली हुई थी। भाजपा विधायक अशोक चंदेल को सामूहिक नरसंहार मामले में उम्र कैद की सजा सुनाई गई थी। सजा होने के बाद हमीरपुर सीट से उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई थी।

दंतेवाड़ा में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगी वोटिंग
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले दंतेवाड़ा विधानसभा के उपचुनाव के लिए सोमवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा, जो कि अपराह्न 3 बजे तक चलेगा। चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिले में 10 हजार जवानों की तैनाती की गई है। मतदान के लिए 273 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जहां पर 1.88 लाख से ज्यादात मतदाता अपने अधिकारों का प्रयोग करेंगे। खास बात यह है कि धुर नक्सल प्रभावित गांवों या नक्सलगढ़ के गांवों में भी 4500 मतदाता हैं, जो हर बार नई आस के साथ अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते रहे हैं।

देवती कर्मा और ओजस्वी मंडावी में मुकाबला
दंतेवाड़ा उपचुनाव में एक निर्दलीय सहित 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। हालांकि मुख्य मुकाबला कांग्रेस की देवती कर्मा और भाजपा की ओजस्वी मंडावी के बीच ही है। ओजस्वी जहां भाजपा के दिवंगत विधायक भीमा मंडावी की पत्नी हैं, वहीं देवती कर्मा पूर्व विधायक होने के साथ ही कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे बस्तर टाइगर दिवंगत महेन्द्र कर्मा की पत्नी हैं। दोनों के पतियों ने नक्सली हमले में ही अपनी जान गंवाई है।

भीमा मंडावी पर हुआ था नक्सली हमला
लोकसभा चुनाव के दौरान मतदान से ठीक 48 घंटे पहले 9 अप्रैल को नक्सलियों ने विस्फोट कर भाजपा विधायक भीमा मंडावी की गाड़ी को उड़ा दिया था। इस विस्फोट में विधायक मंडावी की मौत के साथ ही उनके ड्राइवर और तीन जवान शहीद हो गए थे। बचेली से आगे मीटिंग में जाने के दौरान कुआकोंडा से पहले धमाका दंतेवाड़ा-सुकमा रोड पर नकुलनार में हुआ। विस्फोट इतना ज़बरदस्त था कि उनकी गाड़ी 200 मीटर दूर जा गिरी। इसके बाद नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी थी, जो कि करीब एक घंटे तक जारी रही थी।

हमीरपुर सीट पर 9 प्रत्याशी मैदान में
उत्तर प्रदेश की हमीरपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए सोमवार को वोट डाले जायेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के मुताबिक मतदान सुबह 7 बजे शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा और नतीजों की घोषणा 27 सितंबर को की जाएगी। चुनाव में भाजपा के सामने सपा, बसपा, कांग्रेस कुल 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें भाजपा के युवराज सिंह, कांग्रेस के हर दीपक निषाद, सपा के मनोज कुमार प्रजापति, बसपा के नौशाद अली और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के आलम मंसूरी मुख्य रूप से शामिल हैं।

चार लाख वोटरों के लिए 476 बूथ
हमीरपुर विधानसभा उप निर्वाचन में कुल 476 बूथ और 256 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 37 क्रिटिकल बूथ चिन्हित किए गए हैं। 52 स्थानों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। सभी बूथों को 04 जोन, 36 सेक्टर और 10 अतिरिक्त स्टैटिक/सेक्टर मजिस्ट्रेट में बांटा गया है। निर्वाचन में कुल मतदाताओं की संख्या 4,01497 है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में वोटरों के लिए नाव की व्यवस्था
यमुना और बेतवा नदी में आई बाढ़ के मद्देनजर जिला प्रशासन ने प्रत्येक बूथ पर नाव, ट्रैक्टर तथा मोटरबोट/ स्टिमर की व्यवस्था की है। इन साधनों के माध्यम से बाढ़ से प्रभावित होने वाले मतदाताओं को बूथों तक पहुंचाया जाएगा। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से पैरामिलिट्री फोर्स की व्यवस्था की गई है। बाढ़ में डूबे 8 बूथों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights