बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा में सोमवार की शाम दो दोस्तों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी झगड़े में बदल गया। जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय यशवंत उर्फ बाला पिता मनहरण दास, निवासी कदरा पारा तिफरा, और उसका एक नाबालिग साथी आपस में अच्छे मित्र थे। दोनों ने सोमवार को साथ बैठकर शराब का सेवन किया था।
शराब पीने के बाद दोनों घूमते-घूमते आत्मानंद स्कूल के पास पहुंचे। वहीं किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान यशवंत ने अपने साथी को “चोर” कह दिया। इसी बात पर नाबालिग साथी बुरी तरह भड़क गया और विवाद बढ़ते-बढ़ते हाथापाई में बदल गया।
गुस्से में आए नाबालिग ने अपने पास रखे सर्जिकल ब्लेड से यशवंत के गले और हाथ पर वार कर दिया। घायल युवक मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हमलावर नाबालिग को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्र कर मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का बताया जा रहा है।
थाना प्रभारी के अनुसार, “दोनों आपस में मित्र थे। शराब पीने के बाद मामूली कहासुनी हिंसक झगड़े में बदल गई। घायल का उपचार जारी है और नाबालिग आरोपी से पूछताछ की जा रही है।”


