बिलासपुर।
जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने देर रात कोनी क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर स्वास्थ्य, पशुपालन और नगर निगम की टीमों से सीधे संवाद कर अब तक की कार्रवाई की समीक्षा की और आगे के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने साफ शब्दों में कहा कि संक्रमण को फैलने से रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश देते हुए प्रभावित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित करने के बाद आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। साथ ही संक्रमित पोल्ट्री और पक्षियों की सैंपलिंग, कुलिंग (किलिंग) और सुरक्षित निपटान की प्रक्रिया वैज्ञानिक मानकों के अनुसार सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बढ़ाने और सघन निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि संक्रमण का दायरा फैलने से पहले ही उसे नियंत्रित किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग को क्षेत्र में रहने वाले लोगों की नियमित स्वास्थ्य जांच करने और किसी भी संदिग्ध लक्षण मिलने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए कहा गया। वहीं पशुपालन विभाग को पोल्ट्री फार्मों पर लगातार नजर रखने और आवश्यक प्रतिबंध लागू करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कंटेनमेंट जोन में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त रखी जाए। उन्होंने अनावश्यक आवाजाही पर रोक लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। साथ ही उन्होंने अफवाहों पर नियंत्रण रखने और लोगों तक सही एवं प्रमाणित जानकारी पहुंचाने की जरूरत पर भी जोर दिया।
नगर निगम को क्षेत्र में साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन और अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी संदिग्ध स्थिति या जानकारी को तुरंत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की भी अपील की गई है।
बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए बिलासपुर प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही के मूड में नहीं है। आधी रात का यह निरीक्षण इस बात का संकेत है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और संक्रमण को जड़ से खत्म करने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।


