Homeक्राइमलिफ्ट मांगकर बनाते थे शिकार, फिर पत्थरों से पीटकर लूटते थे बाइक...

लिफ्ट मांगकर बनाते थे शिकार, फिर पत्थरों से पीटकर लूटते थे बाइक और मोबाइल… पुलिस ने 48 घंटे में दबोचे दो शातिर बदमाश…

बिलासपुर। शहर में लिफ्ट मांगकर राहगीरों को अपना शिकार बनाने वाले दो शातिर बदमाशों को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों ने कॉलेज का पता पूछने जा रहे 18 वर्षीय युवक को पहले लिफ्ट के बहाने अपने झांसे में लिया, फिर सुनसान इलाके में ले जाकर पत्थरों, लात-घूंसों और मुक्कों से बेरहमी से हमला किया। सिर पर गंभीर चोट पहुंचाने के बाद उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, एयरबड्स और नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने महज कुछ ही समय में दोनों आरोपियों को दबोच लिया और लूटा गया पूरा सामान बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को मुंगेली नाका निवासी 18 वर्षीय सूरज कुमार श्याम अपने साथी योगेश कुमार की होंडा शाइन मोटरसाइकिल से कॉलेज का पता करने निकला था। अशोक नगर चौक स्थित डीएलएस कॉलेज रोड के पास एक युवक ने उससे लिफ्ट मांगी। इंसानियत दिखाकर लिफ्ट देना सूरज के लिए भारी पड़ गया। रास्ते में आरोपी ने जबरन आगे चलने का दबाव बनाया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद आरोपी ने मुरूम खदान के पास अपने साथी चेतन पाल को भी बाइक पर बैठा लिया। दोनों युवक सूरज को शिव मंदिर के पास सुनसान स्थान पर ले गए, जहां गाली-गलौज करते हुए उसके साथ जमकर मारपीट की। आरोपियों ने हाथ, मुक्के, लात और पत्थर से हमला कर युवक के सिर में गंभीर चोट पहुंचाई। इसके बाद उसकी रेडमी कंपनी का मोबाइल, बोट कंपनी के एयरबड्स, ₹200 नकद और होंडा शाइन मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत लगभग ₹9 हजार बताई गई है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1100/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 296, 115(2), 351(3), 309(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और एयरबड्स बरामद कर जब्त कर लिए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तिफरा यदुनंदन नगर निवासी 29 वर्षीय प्रिंस राज उर्फ जानू और अशोक नगर निवासी 25 वर्षीय चेतन पाल के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि राह चलते अजनबियों को लिफ्ट देना कितना खतरनाक साबित हो सकता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान लोगों को लिफ्ट देने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts