बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने चलती बसों में महिलाओं की झपटमारी की वारदातों के पीछे सक्रिय नेटवर्क की एक और कड़ी को बेनकाब किया है। महिला झपटमारी गैंग द्वारा यात्रियों से चोरी की गई सोने की चेन और मंगलसूत्र खरीदने वाले कटघोरा के एक सोनार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 67 ग्राम यानी लगभग 7 तोला गलाया हुआ सोना बरामद किया गया है।
रतनपुर पुलिस द्वारा चलती बस में झपटमारी करने वाली 7 महिलाओं समेत 9 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही थी। पूछताछ के दौरान पुलिस को चोरी के जेवरात खरीदने और उन्हें गलाकर खपाने वाले लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसी कड़ी में पुलिस ने गौतम पिता राजेन्द्र कुमार दुबे, उम्र 35 वर्ष, निवासी मोहलाईनभाठा, कटघोरा, जिला कोरबा को संदेह के आधार पर तलाश कर अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसने महिला झपटमारी गैंग से चोरी का सोना खरीदा था। इसके बाद पहचान छिपाने और सोने को आसानी से खपाने के उद्देश्य से उसे गलाकर नया रूप देने का प्रयास किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 67 ग्राम गला हुआ सोना बरामद कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई से साफ है कि बसों में यात्रियों को निशाना बनाकर जेवरात उड़ाने वाले गिरोह के पीछे चोरी का माल खपाने वाला नेटवर्क भी सक्रिय था। झपटमारी के बाद चोरी के जेवर सीधे बाजार में बेचने के बजाय उन्हें खरीदकर गलाने की व्यवस्था किए जाने से पुलिस अब मामले की कड़ियों को और गहराई से खंगाल रही है।
रतनपुर पुलिस ने आरोपी गौतम दुबे को 21 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इससे पहले भी इस गिरोह से चोरी का सोना खरीदा था या नहीं और चोरी के जेवरात को गलाकर खपाने के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय एवं प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह का विशेष योगदान रहा। पुलिस की इस कार्रवाई को झपटमारी गिरोह के खिलाफ चल रही जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है, क्योंकि इससे चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी के माल को खरीदकर ठिकाने लगाने वालों तक पुलिस की पहुंच बनी है।


