क्राइमबिलासपुर

मुक्तिधाम के पास सजी जुए की महफिल पर पुलिस का छापा, 15 जुआरी रंगेहाथ गिरफ्तार; 18 हजार रुपये नकद और ताश की गड्डियां जब्त…

बिलासपुर। धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए पहचाने जाने वाले मुक्तिधाम के आसपास जुए की महफिल सजाकर पैसों का दांव लगाने वालों पर सकरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम गिरधौना स्थित मुक्तिधाम के पास चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने दबिश देकर एक-दो नहीं, बल्कि 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 हजार रुपये नकद और ताश की पत्तियां जब्त की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी थाना प्रभारी संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

इसी दौरान 7 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गिरधौना के मुक्तिधाम के पास कुछ लोग ताश की पत्तियों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने बिना देर किए मौके पर दबिश दी। पुलिस की अचानक कार्रवाई से जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। मौके से 15 लोगों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 18 हजार रुपये नकद और ताश की पत्तियां बरामद की गईं।

गिरफ्तार आरोपियों में अशोक साहू (52 वर्ष), शिवा विश्वकर्मा (23 वर्ष), रामकुमार यादव (30 वर्ष), मानसिंह (30 वर्ष), बुचनू यादव (42 वर्ष), दिलहरण सिंगरौल (39 वर्ष), शिवकुमार सारथी (30 वर्ष), तीजराम साहू (40 वर्ष), जितेन्द्र जायसवाल (21 वर्ष), विरेन्द्र सिंगरौल (20 वर्ष), शीतल सिंगरौल (28 वर्ष), छोटेलाल खूसरो (30 वर्ष), रोहित सिंगरौल (30 वर्ष), भूपेन्द्र कौशिक (28 वर्ष) और धर्मेंद्र रजक (26 वर्ष) शामिल हैं। इनमें एक आरोपी ग्राम कोडापुरी का निवासी है, जबकि शेष आरोपी ग्राम गिरधौना के रहने वाले बताए गए हैं।

सकरी पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 1018/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद जगह-जगह इस तरह के फड़ संचालित होने की सूचनाएं सामने आना चुनौती बना हुआ है। अब देखना होगा कि पुलिस की यह कार्रवाई ऐसे अवैध अड्डों पर कितनी प्रभावी रोक लगा पाती है।

error: Content is protected !!
Latest