क्राइम

आधी रात घर में घुसकर मोबाइल झपटा, फिर फर्जी UPI बनाकर खाते से उड़ाए लाखों!  पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा, मोबाइल और रकम बरामद…

बिलासपुर। अपराधियों ने पहले आधी रात घर में घुसकर मोबाइल पर हाथ साफ किया और फिर उसी मोबाइल में लगे सिम का इस्तेमाल कर फर्जी UPI तैयार किया। इसके बाद बैंक खाते से रकम ट्रांजेक्शन कर निकाल ली। शातिराना तरीके से अंजाम दी गई इस वारदात में सकरी पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटमारी किया गया मोबाइल, टूटा हुआ सिम और ट्रांजेक्शन की पूरी रकम बरामद कर ली है।

मामला थाना सकरी क्षेत्र का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर 2026 की रात करीब 12 बजे प्रार्थिया का देवर ऋतिक यादव अपने कमरे में लेटकर मोबाइल चला रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति घर के भीतर घुसा और उसका मोबाइल झपटकर फरार हो गया। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद मोबाइल में लगे सिम को दूसरे मोबाइल में डालकर फर्जी तरीके से UPI तैयार किया और मोबाइल में संचालित बैंक खाते से रकम का ट्रांजेक्शन कर लिया। घटना की रिपोर्ट पर सकरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 1090/2026, धारा 331(4), 304(2), 3(5) बीएनएस एवं 66(C) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को गनियारी निवासी विक्की वर्मा पर संदेह हुआ। बताया गया कि विक्की का प्रार्थिया के घर आना-जाना था और उसे बैंक खाते में 4 से 5 लाख रुपये होने की जानकारी भी थी। पुलिस ने उसे तलब कर पूछताछ की तो वह शुरुआत में गुमराह करने लगा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने दो साथियों बलराम वर्मा और संदीप वर्मा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों ने पहले से योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत रात करीब 12 बजे घर में घुसकर ऋतिक यादव का मोबाइल झपटा गया और उसमें लगे सिम का इस्तेमाल दूसरे मोबाइल में कर फर्जी UPI तैयार किया गया। इसके बाद खाते से रकम निकाल ली गई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर झपटमारी किया गया मोबाइल, टूटा हुआ सिम और ट्रांजेक्शन की पूरी रकम बरामद कर ली।

इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में बलराम वर्मा (23 वर्ष), विक्की वर्मा (34 वर्ष) और संदीप वर्मा (32 वर्ष), तीनों निवासी गनियारी, थाना कोटा, जिला बिलासपुर शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे, प्रधान आरक्षक टीकाराम निषाद, सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीकांत कश्यप, आरक्षक पवन बंजारे, मनोज बघेल, रामचंद्र कश्यप एवं महिला आरक्षक विनिषा पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

error: Content is protected !!
Latest