Advertisement
छत्तीसगढ़बिलासपुरराजनीति

छग में जितनी भी सरकारें आईं, बीमारी ही लाई : सुशील गुप्ता

बिलासपुर 21 फरवरी। छत्तीसगढ़ में भरपूर मात्रा में प्राकृतिक संसाधन है। जो सरकारें आईं, सभी ने इसका पर्याप्त दोहन किया, पर जिस गति से राज्य का विकास होना था, वह अब तक नहीं हो पाया है। छत्तीसगढ़ में जिन्होंने भी शासन किया, जनता को ठगा और कुपोषण ही दिया है।

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता ने बुधवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य को बने 17 साल हो चुके हैं। यहां जिन लोगों ने शासन किया, विभिन्न प्रकार की बीमारी और कुपोषण के सिवाय कुछ नहीं दिया। यहां का किसान दुखी है। नौजवान परेशान हैं। बच्चे भी दुखी हैं। राज्य की भाजपा सरकार ने सरकारी स्कूलों को बंद कर दिया और इसका संचालन का जिम्मा निजी हाथों में दे दिया। यह सरकार स्कूल चलाने में नाकाम हो गई है। सरकार सिर्फ भ्रष्टाचार को अंजाम दे रही है। एक सवाल के जवाब में सांसद गुप्ता ने कहा कि जनता बेहाल है, यही भ्रष्टाचार का सबूत है।
केंद्र सरकार का दोहरा मापदंड
सांसद गुप्ता ने केंद्र सरकार पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तीन माह पहले आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार ने राशन वितरण कार्यक्रम शुरू किया था। इस मामले में ही सचिव से चर्चा की जा रही थी। कल की ही बात है। मंत्रियों की पिटाई हुई। सरकार और अफसरों की ओर से रिपोर्ट लिखाई गई, लेकिन एफआईआर सिर्फ अफसरों की रिपोर्ट पर हुई है। मंत्रियों की शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। इस तरह से इस देश में दोहरी कानून व्यवस्था चलाई जा रही है।
सदस्य खत्म कर दे तो छग सरकार गिर जाएगी
सांसद ने कहा कि आप ही वो पार्टी है, जिसने एक रुपए बेनीफिट लेने, ऑफिस लेने वालों की सदस्यता खत्म कर दी। छत्तीसगढ़ सरकार ऐसा क्यों नहीं करती है। यदि यहां की सरकार ऐसे लाभ लेने वाले विधायकों की सदस्यता समाप्त कर दे तो सरकार गिर जाएगी।
सभी 90 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव
सांसद गुप्ता ने कहा कि छत्तीसगढ़ के आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी सभी 90 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। जहां भी हमारी सरकार बनेगी, अफसरों को काम करना होगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही पार्टी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल छत्तीसगढ़ दौरे पर आने वाले हैं। उनके प्रवास की तैयारियों का जायजा लेने वे यहां पहुंचे हैं।

error: Content is protected !!