Advertisement
राजनीति

राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं: राजगीर, महामंत्री के प्रथम आगमन पर स्वागत कार्यक्रम का आयोजन…

संगठन विस्तार व कार्यकारिणी को लेकर हुई बैठक

मुंगेली। प्रदेश कांग्रेस कमेटी विधि विभाग के प्रदेश महामंत्री व बिलासपुर संभाग प्रभारी एडवोकेट प्रदीप राजगीर पदभार ग्रहण करने के बाद लगातार दौरे पर हैं। इसी कड़ी में 11 मई को प्रदेश महामंत्री प्रदीप राजगीर बैठक लेने जिला मुंगेली पहुंचे। राजगीर के प्रथम नगर आगमन पर जिला मुंगेली विधि विभाग के पदाधिकारियों-सदस्यों व कांग्रेस पार्टी से जुड़े अधिवक्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

हॉटेल कस्तूरी के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे अधिवक्ताओं ने राजगीर व अन्य अतिथियों को गुलदस्ते भेंट किए। इस मौके पर सभा को संबोधित करते हुए महामंत्री प्रदीप राजगीर ने कहा कि ऐतिहासिक धरा मुंगेली आकर वे खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। देश की आजादी के बाद से ही मुंगेली कांग्रेस का गढ़ रहा है। हालांकि पिछले कुछ समय से ये परंपरा टूट गई है। हमारा सौभाग्य है कि अब हमें मुख्यमंत्री के तौर पर भूपेश बघेल जैसा जनमानस का नायक मिला है।

मुख्यमंत्री बघेल ने अपने कार्यकाल में छत्तीसगढ़िया अस्मिता को नई ऊंचाई तक पहुंचाया है। प्रदेश के तीज-त्योहार, बोली, रीती-रिवाजों को नई पहचान दी है। अब विधि विभाग का यह कर्तव्य है कि अगले चुनाव से पहले प्रदेश अध्यक्ष डॉ देवा देवांगन के नेतृत्व में राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। प्रदेश संयुक्त सचिव एडवोकेट हरीश लाल ने कहा कि संगठन की ओर से जो जवाबदारी मिली है, उसका सभी को निर्वहन करना है। हमें एक दूसरे का साथ देकर कांग्रेस पार्टी व संगठन को मजबूत बनाना है।

वहीं एडवोकेट मो इशहाक खान ने कहा कि चुनाव नजदीक है, ऐसे में अभी से तैयारी शुरू करें। अधिवक्ता का समाज के हर तबके से हर दिन वास्ता पड़ता है। वकील की कही बात को हर व्यक्ति महत्व देता है। ऐसे में पार्टी की विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने में उसकी सबसे बड़ी भूमिका हो सकती है। विभाग को चाहिए कि जुझारू साथियों को जोड़ें, जो संगठन को मजबूत कर सकें। आभार प्रदर्शन करते हुए जीवनलाल बंजारा ने कहा कि सभी का लक्ष्य संगठन की मजबूती होना चाहिए। कांग्रेस सरकार की ये उपलब्धि है कि उसने गोबर को भी रोजगार का साधन बनाया है।

कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट प्रकाश गंधर्व ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद पांडेय, गिरीश दीवान, जिला अधिवक्ता संघ मुंगेली के अध्यक्ष राजमन सिंह ठाकुर, संजय गुप्ता, विनोद कश्यप, रोहित गेंदले, शैलेन्द्र गोरख, प्रदेश संयुक्त सचिव अमित सोनी, मनीष चौबे, दिलीप कौशिक, जमील अहमद खान, मनुराज सोनी, जितेंद्र सिंह क्षत्रिय, उभय टंडन, अभय गुप्ता, सुनील साहू, तेनसिंह मार्को, संजीत भोंसले, सतीश चतुर्वेदी, स्वतंत्र तिवारी, संजय यादव, विकास बिसेन, यमुना प्रसाद सोनकर आदि उपस्थित थे।

error: Content is protected !!