Advertisement
छत्तीसगढ़राजनीति

छत्तीसगढ़ में ’15 साल सरकार रही आखिर चुनाव हारे कैसे’, जमवाल बोले- सब कुछ भुलाकर मिशन 2023 पर पूरा फोकस करो…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भाजपा नेताओं का जमावड़ा रहा। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बुधवार को दिनभर बैठकों का दौर चला। प्रदेश पदाधिकारी, कोर ग्रुप, संभाग और जिला प्रभारियों के साथ क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जमवाल की अलग-अलग बैठकें हुईं। पदाधिकारियों ने संगठन की ताकत और कमजोरियों पर खुलकर बात कही। भाजपा नेताओं के साथ बैठक में जामवाल ने पूछा कि 15 साल प्रदेश में सरकार चलाने के बाद आखिर हार कैसे हो गई। कहां कमी रह गई उसे दूर करना होगा। उन्होंने दिग्गज नेताओं को सब कुछ भुलाकर मिशन-2023 पर पूरा फोकस करने को कहा है।

छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के जिम्मेदारी मिलने के बाद क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल पहली बार रायपुर पहुंचे। उन्होंने प्रदेश के नेताओं से मुलाकात के साथ भूपेश बघेल सरकार को आक्रामक तरीके से घेरने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने जमवाल को संगठन की गतिविधियों से अवगत कराया।नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने प्रदेश सरकार की नाकामियों की उन्हें जानकारी दी। विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने बैठक के बारे में बताते हुए कहा कि नार्थ-ईस्ट जैसे दुरुह और चरमपंथियों के क्षेत्र में अजय जामवाल ने कमल का झंडा फहराया है तो छत्तीसगढ़ तो भाजपा का जनाधार वाला क्षेत्र है। यहां उनके मार्गदर्शन में भाजपा परचम लहराएगी।

‘होर्डिंग में 5 लाख, विधानसभा में बताया 18 हजार’

मीडिया से चर्चा करते हुए पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि 2023 में भूपेश बघेल की निकम्मी, भ्रष्ट और माफिया सरकार की विदाई तय है। प्रदेश सरकार को उखाड़ फेंकने कार्यकर्ताओं को सक्रियता बढ़ाने, पदाधिकारियों को मॉनिटरिंग करने कहा गया है। कार्यकर्ताओं में उत्साह है। बृजमोहन ने कहा कि यह किसानों के भविष्य को डूबोने वाली सरकार है। इस सरकार के पास कोई कार्ययोजना नहीं हैं। रोजगार कार्यालय में 21 लाख बेरोजगार रजिस्टर्ड हैं। इनके होर्डिंग में 5 लाख लोगों को रोजगार देने की बात होती है। राहुल गांधी के सामने 3 लाख बताते हैं और विधानसभा में जवाब 18 हजार आता है। 10 लाख लोगों को काम में लगाने की बात कही थी। 2500 बेरोजगारी भत्ता देने की वादा किया था। पौने 4 साल हो गए। न काम मिला और न बेरोजगारों को भत्ता।

‘छत्तीसगढ़ियों का अपमान कर रही भूपेश सरकार’

बृजमोहन अग्रवाल ने भूपेश बघेल सरकार पर छत्तीसगढ़ियों को उपेक्षित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केटीएस तुलसी, राजीव शुक्ला, रंजीत रंजन तीनों को छत्तीसगढ़ से राज्यसभा का सदस्य बनाया गया। उन्हें यहां राज्यसभा जाने लायक योग्य व्यक्ति नहीं मिले। दूसरे प्रदेशों के लोगों को राज्यसभा सांसद बनाकर भेजा गया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की गाते हैं और दिल्ली वालों को खिलाते हैं। अब छत्तीसगढ़ की जनता समझ गई है। इनकम टैक्स की छापे में 200 करोड़ से ज्यादा का भ्रष्टाचार मिलता है। छत्तीसगढ़ के पैसे को उत्तर प्रदेश, असम, उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में लुटाते हैं और अब गुजरात में लुटाएंगे। बात छत्तीसगढ़िया की करते हैं, लेकिन कुछ करते नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी मामलों में भूपेश सरकार छत्तीसगढ़ियों का अपमान कर रही है।

error: Content is protected !!