बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में हुई लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात की चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। घर की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को सीपत पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया 222.39 ग्राम सोने के जेवर और 239.37 ग्राम चांदी के जेवर, यानी चोरी का शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
घटना 11 अगस्त की सुबह की है। ग्राम खम्हरिया निवासी सुंदर लाल मैत्री अपनी पत्नी के साथ रोजाना की तरह सुबह करीब 5.10 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। करीब 6 बजे जब दोनों वापस लौटे तो घर के सामने का ताला टूटा मिला, जबकि पीछे का दरवाजा खुला हुआ था। घर के भीतर जाकर देखा तो आलमारी का लॉकर टूटा था और उसमें रखे कीमती सोने-चांदी के जेवरात गायब थे।
चोरी गए सामान में सोने का रानी हार, हार के सेट, चूड़ियां, अंगूठियां, सोने की चेन, कान के टॉप्स, सोने की माला, झुमके सहित चांदी की पायल, बिछिया और चांदी के सिक्के शामिल थे। घटना की सूचना मिलते ही सीपत पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में सीपत पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। बिलासपुर से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस ने पारंपरिक जांच के साथ तकनीकी साक्ष्यों और बीट आरक्षकों से मिली सटीक सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच की दिशा ग्राम खम्हरिया के ही रहने वाले आदित्य कुमार लहरे (22) और जावेद अली (25) तक पहुंची। दोनों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो चोरी की पूरी कहानी सामने आ गई।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका मकान प्रार्थी के मकान के आसपास ही है। इसी वजह से उन्हें परिवार की गतिविधियों और रोजाना के आने-जाने की जानकारी थी। दोनों ने पहले परिवार के मॉर्निंग वॉक पर जाने के समय की रेकी की और 11 अगस्त की सुबह जैसे ही सुंदर लाल मैत्री और उनकी पत्नी घर से बाहर निकले, दोनों पीछे के दरवाजे से घर में घुस गए।
इसके बाद आरोपियों ने घर का ताला तोड़ा और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पकड़े जाने के डर से उन्होंने चोरी के जेवर एक पुराने निर्माणाधीन मकान में छिपा दिए थे। कुछ जेवर मकान के भीतर फेंक दिए गए थे।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से 222.39 ग्राम सोने के जेवर और 239.37 ग्राम चांदी के जेवर बरामद कर लिए। इसके अलावा घर का ताला तोड़ने में इस्तेमाल किया गया लोहे का रॉड भी जब्त किया गया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी गया पूरा माल बरामद होने के साथ ही वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी भी सलाखों के पीछे पहुंच गए।
पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि घटना के बाद शुरुआती कुछ घंटे जांच के लिए कितने अहम होते हैं। तकनीकी साक्ष्य, फिंगर प्रिंट जांच, मुखबिर तंत्र और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के समन्वय से सीपत पुलिस ने बड़ी चोरी की गुत्थी महज 24 घंटे में सुलझा दी।
चोरी के इस मामले में आरोपियों आदित्य कुमार लहरे और जावेद अली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले में चोरी का शत-प्रतिशत मशरूका बरामद करने और त्वरित कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम के लिए उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से नगद पुरस्कार की घोषणा की गई है।


