सेवा संकल्प अभियान के चौथे दिन सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने दिया एकजुटता का संदेश, जनहित और सामाजिक जागरूकता के कार्यों में भागीदारी का आह्वान
बिलासपुर, 20 सितंबर 2026। बिलासपुर सराफा एसोसिएशन द्वारा आयोजित “सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान” के तहत रविवार को अभियान के चौथे दिन विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों की गरिमामय सहभागिता रही। कार्यक्रम में समाजसेवा, जनजागरूकता और सराफा समाज की सामाजिक भूमिका को लेकर सार्थक संवाद एवं विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेढ़ क्षत्रिय मारवाड़ी सोनी समाज, बिलासपुर के अध्यक्ष सज्जन सोनी रहे। उनके साथ कार्यकारी अध्यक्ष राजेश सोनी, कोषाध्यक्ष शुभम सोनी, जैन सेना बिलासपुर से मनोज सोनी एवं टीम, सराफा समाज के वरिष्ठ विजय शाह एवं सुशील सोनी तथा बंगाली कारीगर संघ के अध्यक्ष विज्जीत पोद्दे एवं टीम ने विशेष रूप से सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की आरती के बाद वेदांतरम के सामूहिक गान से हुई। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए उपस्थित अतिथियों का अभिनंदन किया और सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
कमल सोनी ने कहा कि सराफा समाज की भूमिका केवल व्यापार तक सीमित नहीं है। समाज की आवश्यकताओं, सेवा कार्यों, रोजगार और सामाजिक सहभागिता के क्षेत्र में भी सराफा समाज महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने सामाजिक संगठनों के बीच आपसी समन्वय और सहभागिता को समाज की मजबूती के लिए आवश्यक बताया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्र के प्रति सेवा-समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के विकास के साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने-अपने स्तर पर सेवा, सामाजिक जागरूकता और जनहित के कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक संगठनों की भूमिका, समाजसेवा की भावना, व्यापारिक समाज की जिम्मेदारी और उपभोक्ता जागरूकता जैसे विषयों पर सकारात्मक संवाद हुआ। विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने की बात कही।
कार्यक्रम का मंच संचालन अल्का मिश्रा ने किया। अंत में बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष अजय सराफ ने मुख्य अतिथि सहित सभी सामाजिक संगठनों, पदाधिकारियों, सराफा व्यापारियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 6 बजे आयोजित किया जा रहा है। अभियान के आगामी कार्यक्रमों में विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक एवं नागरिक संगठनों की सहभागिता के माध्यम से सेवा, संवाद और जनजागरूकता की गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा।


