क्राइम

मीडियाकर्मी और उनके पिता से मारपीट: शराब पीने से मना करने पर आधा दर्जन बदमाशों ने किया हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार…

मीडियाकर्मी और उनके पिता से मारपीट: शराब पीने से मना करने पर आधा दर्जन बदमाशों ने किया हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार...

बिलासपुर – शहर के कतियापारा क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक चिंताजनक घटना सामने आई, जिसमें घर के बाहर शराब पी रहे युवकों को मना करना एक मीडियाकर्मी और उनके पिता को भारी पड़ गया। आधा दर्जन से अधिक आदतन बदमाशों ने मीडियाकर्मी शेखर गुप्ता और उनके पिता पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों को उपचार हेतु सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि शेखर गुप्ता, जो पेशे से फोटो जर्नलिस्ट हैं, शुक्रवार देर शाम अपने समाचार कार्यालय से लौटे तो उन्होंने देखा कि उनके घर के बाहर कुछ युवक शराब पी रहे थे। जब शेखर ने उन्हें वहां से हटने और शराब न पीने की समझाइश दी, तो युवक भड़क गए और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।

मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब शेखर के पिता बेटे की चीख-पुकार सुनकर बाहर आए और बीच-बचाव करने लगे। हमलावर युवकों ने उनके साथ भी बेरहमी से मारपीट की, जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मीडिया कर्मी के पिता

सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हमलावरों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की। फरार होने की कोशिश कर रहे तीन आरोपियों – राहुल सिंह, मिथलेश और शुभम – को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस ने कहा है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह घटना न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि समाज में बढ़ती असहिष्णुता और असामाजिक गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई की आवश्यकता को भी दर्शाती है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाएगी।

स्थानीय नागरिकों ने इस घटना की निंदा करते हुए दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति कानून हाथ में लेने से पहले सौ बार सोचे।

error: Content is protected !!
Latest