बिलासपुर, 15 जुलाई 2025 —
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के ग्राम सलका में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय मासूम की करंट लगने से मौत हो गई। मासूम चंद्रभान नायक खेलते-खेलते घर के सामने गिरे एक करंटयुक्त तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के एक खंभे से निकला हुआ बिजली का तार जमीन पर गिरा हुआ था और वह अर्थिंग बन चुका था। इसी दौरान मासूम चंद्रभान घर के बाहर खेल रहा था और अनजाने में उस करंटयुक्त तार के संपर्क में आ गया। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, तब तक चंद्रभान अचेत होकर गिर पड़ा।
परिजनों ने उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है।
कोटा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और बिजली विभाग की लापरवाही की भी पड़ताल की जा रही है।
गौरतलब है कि इस प्रकार की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, जहां जर्जर और खुले तारों के कारण मासूम जान गंवा चुके हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि गांव में खुले और लटकते तारों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


