बिलासपुर। जिले के मस्तुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गतौरा स्थित धान खरीदी केंद्र में बड़े पैमाने पर गबन का मामला सामने आया है। बिलासपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 28 लाख 51 हजार रुपए के गबन में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला सेवा सहकारी समिति मर्यादित, गतौरा के धान खरीदी केंद्र से जुड़ा है, जहां खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान खरीदी में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित मस्तुरी के प्रार्थी द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर अपराध क्रमांक 213/2025 धारा 316(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान संयुक्त टीम द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में पाया गया कि केंद्र में 919.96 क्विंटल धान की कमी है। यह स्पष्ट हुआ कि संस्था प्रबंधक, अध्यक्ष सहित अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों ने नियमों का उल्लंघन करते हुए जानबूझकर धान की हेराफेरी की, जिससे शासन को 28.51 लाख रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरे गबन में संस्था प्रबंधक कोमल प्रसाद चंद्राकर, प्राधिकृत अध्यक्ष राजेंद्र राठौर और कंप्यूटर ऑपरेटर हुलेश्वर धीरही की मुख्य भूमिका रही। आरोपियों ने धान खरीदी प्रक्रिया में हेरफेर कर सरकारी धान का गबन किया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को उनके निवास स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 3 अप्रैल 2026 को उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


