शिक्षा

बिलासपुर की बेटी संचिता मिश्रा ने CBSE 10वीं में 97% अंक लाकर रचा इतिहास, डॉक्टर बनने का सपना किया साझा…

बिलासपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में शहर की होनहार छात्रा संचिता मिश्रा ने शानदार सफलता हासिल करते हुए 97 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

सेंट फ्रांसिस स्कूल की छात्रा संचिता ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस सफलता पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और साथियों में भी हर्ष का माहौल है।

अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए संचिता ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित पढ़ाई, समय का सही प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपनी माता के निरंतर सहयोग को दिया।

संचिता ने आगे अपने सपनों के बारे में बताते हुए कहा कि वह भविष्य में एक सफल डॉक्टर बनना चाहती हैं और समाज की सेवा करना उनका उद्देश्य है।

गौरतलब है कि संचिता मिश्रा स्वर्गीय वरिष्ठ पत्रकार मुकेश मिश्रा और ललिता मिश्रा की पुत्री हैं। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उनकी यह सफलता प्रेरणादायक है और अन्य विद्यार्थियों के लिए एक मिसाल बनकर सामने आई है।

संचिता की इस उपलब्धि पर शहर के गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों और परिजनों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

error: Content is protected !!
Latest