Homeक्राइमअपहरण कर 50 हजार की फिरौती मांगने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, रतनपुर...

अपहरण कर 50 हजार की फिरौती मांगने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, रतनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई…

बिलासपुर। अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद से लगातार फरार था, जिसकी तलाश पुलिस लंबे समय से कर रही थी। मामले में अभी एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोम उर्फ रोशन निर्मलकर (20 वर्ष), पिता रामेश्वर निर्मलकर, निवासी महामायापारा, रतनपुर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को भेलवापारा कलमीटार निवासी पीड़ित ने रतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह अपने घर के आंगन में मौजूद था, तभी इशांत सारथी, सोम रजक, निखिल रजक उर्फ एलियन और उनके साथियों ने उसके गले पर चाकू अड़ाकर जबरन मोटरसाइकिल में बैठाया और उसे कोरबाभांवर जंगल ले गए।

आरोपियों ने जंगल में पीड़ित के सामने गांजा फैलाकर उसकी फोटो खींची और फिर उसके घरवालों को फोन कर झूठी कहानी गढ़ी कि वह गांजा के मामले में पाली थाना पुलिस के कब्जे में है तथा उसे छुड़ाने के लिए 50 हजार रुपये की आवश्यकता है। आरोपियों ने पीड़ित की मां से तत्काल रकम लाने की मांग की।

इसी दौरान परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रतनपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी निखिल रजक उर्फ एलियन और इशांत सारथी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं घटना के बाद से फरार चल रहे सोम उर्फ रोशन निर्मलकर की लगातार तलाश की जा रही थी।

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में वर्तमान थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ तथा आरक्षक आकाश डोंगरे की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts