Homeक्राइमचोर गैंग का पर्दाफाश: रात के अंधेरे में घरों के ताले तोड़कर...

चोर गैंग का पर्दाफाश: रात के अंधेरे में घरों के ताले तोड़कर उड़ाते थे सोना-चांदी, 4 आरोपी दबोचे, 4 लाख से अधिक का माल बरामद…

बिलासपुर। शहर के कोनी थाना क्षेत्र में लगातार घरों के ताले टूटने और लाखों के जेवर-नगदी चोरी होने की वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तीन अलग-अलग चोरी के मामलों की कड़ियां जोड़ते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को भी अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से करीब 4 लाख 81 हजार 488 रुपये कीमत का चोरी का मशरूका बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर ऐसे मकानों को निशाना बनाते थे, जहां ताला लगा होता था। लोहे के सब्बल से ताले तोड़कर घर के भीतर घुसते और सोने-चांदी के आभूषण, नगदी तथा अन्य सामान लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस कार्रवाई के बाद तीन चोरी की वारदातों की गुत्थी सुलझ गई है।

कोनी थाना क्षेत्र में 18 अगस्त, 10 सितंबर और 15 सितंबर 2026 को अलग-अलग स्थानों पर घरों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। शिकायतों के आधार पर थाना कोनी में अपराध क्रमांक 469/2026, 503/2026 और 512/2026 दर्ज कर धारा 331(3), 305(a), 3(5) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई थी।

चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने संपत्ति संबंधी अपराधों के शीघ्र निराकरण और चोरी गए सामान की बरामदगी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोनी जितेंद्र गुप्ता ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज का बारीकी से विश्लेषण करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया। इसी दौरान पुलिस को एक विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में सुराग मिला। उसे पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई तो कथित तौर पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर तीनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना बताया।

इसके बाद पुलिस ने राहुल यादव (22), भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया (20) और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव (28) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने रात के समय घरों के ताले तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 1 किलो 190 ग्राम चांदी के आभूषण, 12 ग्राम सोने के आभूषण, दो मोटरसाइकिल, ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन, 6,700 रुपये नगद और चोरी में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल बरामद किया। पुलिस के अनुसार बरामद कुल मशरूका की कीमत 4,81,488 रुपये है।

गिरफ्तार आरोपियों में राहुल यादव पिता दिनेश यादव निवासी घुटकू महामाया पारा यादव मोहल्ला, भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया पिता स्व. इतवारी वर्मा निवासी घुटकू बस स्टैंड के पास और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव पिता सरजू प्रसाद यादव निवासी घुटकू गोदामपारा, कोनी शामिल हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को किशोर न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया।

कोनी पुलिस की इस कार्रवाई से एक साथ तीन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक चोरी गए मशरूके की बरामदगी भी की गई है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने जिस तरह वारदातों की कड़ियां जोड़ीं, उससे लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts