क्राइम

सड़क पर गिरा तीन लाख रुपये से भरा बैग, बिलासपुर पुलिस के प्रयास से व्यापारी को सुरक्षित मिली रकम, ईमानदारी की मिसाल बना ऑटो चालक…

बिलासपुर। शहर में पुलिस की सतर्कता और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल की एक सराहनीय तस्वीर सामने आई है। पुराना हाईकोर्ट से व्यापार विहार जा रहे एक व्यापारी का करीब तीन लाख रुपये नकद से भरा बैग रास्ते में गिर गया। इतनी बड़ी रकम गायब होने से व्यापारी के होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल सिटी कोतवाली पहुंचकर पुलिस को इसकी सूचना दी। मामला गंभीर था, लेकिन बिलासपुर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से चंद घंटों में बैग का सुराग तलाश लिया और व्यापारी को उसकी पूरी रकम सुरक्षित वापस दिला दी।

मामले के अनुसार, पुराना हाईकोर्ट के पीछे निवासी नरेंद्र छुगानी व्यापार विहार और तिफरा मंडी में दीपक आलू भंडार के नाम से दुकान संचालित करते हैं। 23 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे वे अपनी एक्टिवा से घर से दुकान जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान टिकरापारा स्थित मामा-भांजा तालाब के पास एक्टिवा में रखा नकदी से भरा बैग सड़क पर गिर गया। बैग में करीब 3 लाख रुपये रखे हुए थे। व्यापारी को जब बैग गायब होने का पता चला तो उनके सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई।

इसके बाद नरेंद्र छुगानी ने सुबह करीब 11 बजे सिटी कोतवाली पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

CCTV फुटेज खंगाले तो सामने आई पूरी कहानी

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आईटीएमएस बिल्डिंग सहित शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। कैमरों की बारीकी से जांच के दौरान एक अहम सुराग मिला। फुटेज में एक मोटरसाइकिल चालक सड़क पर गिरे बैग को उठाकर एक ऑटो चालक को सौंपते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने ऑटो के नंबर के आधार पर आरटीओ कार्यालय से वाहन मालिक की जानकारी जुटाई और उसकी तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने संबंधित ऑटो चालक को थाने बुलाकर बैग के संबंध में पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि बैग रास्ते में गिरा हुआ मिला था। इसके बाद उसने उसे अपने पास रख लिया था। पुलिस ने बैग को अपने कब्जे में लेकर व्यापारी को थाने बुलाया और पूरी रकम सहित बैग सुरक्षित वापस कर दिया।

तकनीक और तत्परता से मिली सफलता

इस पूरे मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सीसीटीवी नेटवर्क की अहम भूमिका सामने आई है। यदि पुलिस समय रहते फुटेज खंगालकर ऑटो के नंबर तक नहीं पहुंचती तो तीन लाख रुपये की रकम का पता लगाना मुश्किल हो सकता था। वहीं, सड़क पर मिले बैग को उठाकर ऑटो चालक को सौंपने वाले मोटरसाइकिल सवार की भूमिका भी इस घटना में उल्लेखनीय रही।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे केवल अपराधियों की पहचान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आम नागरिकों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई से जहां व्यापारी ने राहत की सांस ली, वहीं पुलिस की सक्रियता की भी सराहना हो रही है।

error: Content is protected !!
Latest