बिलासपुर। नगर निगम चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे यदुनंदन नगर वार्ड क्रमांक 6 में राजनीतिक हलचल तेज होती जा रही है। इस वार्ड से कांग्रेस की पार्षद प्रत्याशी सुधा गोपाल सिंह ठाकुर ने अपने चुनाव प्रचार को और भी आक्रामक बना दिया है। वह लगातार जनता के बीच जाकर समर्थन जुटाने में लगी हुई हैं।
जनसंपर्क अभियान में दिखा जोश
सुधा ठाकुर ने अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर घर-घर जनसंपर्क किया और मतदाताओं से संवाद स्थापित किया। उनके प्रचार अभियान में बड़ी संख्या में महिलाएं भी सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। सुधा ठाकुर का कहना है कि उनका लक्ष्य वार्ड में विकास कार्यों को गति देना और जनता की समस्याओं का स्थायी समाधान करना है।
जनता से किए विकास के वादे
जनसंपर्क के दौरान सुधा ठाकुर ने वार्डवासियों को भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें पार्षद चुना जाता है, तो वे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, जल निकासी, सड़क सुधार और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की योजनाओं को वार्ड तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी, जिससे हर व्यक्ति को लाभ मिल सके।



