क्राइम

बिलासपुर में मामूली विवाद ने ली जान: नाबालिक युवक की चाकू मारकर हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र का मामला…

बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित मिनीबस्ती में आपसी रंजिश ने एक मासूम जान ले ली। शनिवार रात को एक नाबालिग लड़के पर धारदार चाकू से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 17 वर्षीय सुनील बांधे के रूप में हुई है। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, सुनील बांधे रात को खाना खाने के बाद घर से बाहर टहलने निकला था। उसी समय मोहल्ले में दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान एक पक्ष के आरोपी सोनू ने सुनील को विरोधी गुट का सदस्य समझ लिया और उस पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में सुनील के सीने और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं। उसके साथियों ने तुरंत उसे सिविल लाइन थाने पहुंचाया, जहां से पुलिस ने तत्काल अस्पताल भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि सुनील अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुका था।

मृतक के भाई विजय बांधे ने आरोप लगाया कि सुनील का झगड़े से कोई लेना-देना नहीं था, लेकिन पुरानी रंजिश का शिकार बना दिया गया। विजय ने बताया कि सुनील एक शांत स्वभाव का लड़का था और किसी भी तरह के विवाद में शामिल नहीं रहता था।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के संबंध में गहन पूछताछ जारी है।

स्थानीय लोगों में रोष:
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मोहल्ले में अक्सर आपसी रंजिश को लेकर विवाद होते रहते हैं, लेकिन पुलिस समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाती। उन्होंने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का बयान:
सिविल लाइन थाना प्रभारी के अनुसार, घटना में शामिल चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!
Latest