बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के तहत लंबे समय से रुकी हुई नियुक्तियों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद यूथ कांग्रेस (शहर) ने जिला प्रशासन से जल्द भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है। इसी मांग को लेकर यूथ कांग्रेस ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि उच्च न्यायालय ने याचिका क्रमांक 3052/2025 सहित अन्य मामलों की सुनवाई करते हुए 26 सितंबर 2025 को आदेश दिया था कि सहायक शिक्षकों के 2300 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए। साथ ही पूरी प्रक्रिया दो महीने के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
यूथ कांग्रेस ने कहा कि पिछले दो वर्षों से योग्य अभ्यर्थी नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। इस देरी के कारण कई उम्मीदवार मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। कई अभ्यर्थी ऐसे भी हैं जिनके लिए यह सरकारी नौकरी पाने का आखिरी मौका है, क्योंकि उनकी आयु सीमा समाप्त होने वाली है।
यूथ कांग्रेस शहर अध्यक्ष शेरू असलम ने कहा कि सरकारी नौकरी हर युवा का सपना होती है और इसमें हो रही देरी से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से हाईकोर्ट के आदेश का पालन करते हुए जल्द से जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
संगठन ने यह भी मांग की है कि भर्ती प्रक्रिया 1:3 के अनुपात में शुरू की जाए, ताकि पात्र उम्मीदवारों को मौका मिल सके। यूथ कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो यह युवाओं के साथ अन्याय होगा।
अब सभी की नजरें जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के फैसले पर टिकी हुई हैं।


