बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शनिवार को एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। धारदार हथियार से किए गए हमले में युवक की मौत हो गई और उसकी खून से लथपथ लाश सकरी थाना क्षेत्र के बायपास रोड किनारे एक खेत में अर्धनग्न हालत में पड़ी मिली। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान ग्राम संबलपुरी निवासी 27 वर्षीय सतीश कौशिक के रूप में हुई है, जो पेशे से पेंटर था और रोजी-रोटी के लिए बिलासपुर शहर में काम करने आता था। परिजनों के अनुसार शनिवार की सुबह सतीश काम पर नहीं गया था। बताया जा रहा है कि वह अपने कुछ दोस्तों के साथ शराब पीकर घूम रहा था। दोपहर करीब 12 बजे तक उसे गांव के ही एक दोस्त के साथ देखा गया था, लेकिन इसके कुछ ही समय बाद उसकी लाश खेत में मिलने की खबर सामने आ गई।
ग्रामीणों ने जब खेत में खून से सनी लाश देखी तो तुरंत इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। शव के सिर और चेहरे पर गहरे घाव के निशान मिले हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से कई बार वार कर उसकी हत्या की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम और स्निफर डॉग को भी मौके पर बुलाया। पुलिस की स्निफर डॉग ‘ज्योति’ ने घटनास्थल से मिले कपड़ों को सूंघने के बाद गांव के ही दो युवकों के घर के अंदर तक जाकर संकेत दिया। इसके बाद पुलिस का शक इन दोनों युवकों पर गहरा गया है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि सतीश को आखिरी बार इन्हीं दो युवकों के साथ देखा गया था। वारदात के बाद से दोनों संदिग्ध युवक अपने घरों से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में एक अन्य युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों के पकड़े जाने के बाद इस सनसनीखेज हत्याकांड का जल्द खुलासा हो जाएगा।


