बिलासपुर

मतदाता सूची में नाम नहीं तो लोकतंत्र में आपकी आवाज अधूरी! जल्द करें आवेदन, चूके तो मतदान के अधिकार के लिए करना पड़ सकता है इंतजार…

बिलासपुर। लोकतंत्र में मतदान सिर्फ अधिकार नहीं, बल्कि अपनी सरकार चुनने की सबसे बड़ी ताकत है। लेकिन जब मतदाता सूची में नाम ही दर्ज नहीं होगा तो यह ताकत मतदान केंद्र तक पहुंचने के बाद भी बेअसर साबित होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बिलासपुर जिले में फोटोयुक्त प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन हो चुका है। अब पात्र नागरिकों के पास 11 दिसंबर 2026 तक नाम जुड़वाने, गलत नाम हटवाने और दर्ज जानकारी में सुधार कराने का मौका है।

जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 13 लाख 59 हजार 109 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 6 लाख 90 हजार 68 पुरुष, 6 लाख 68 हजार 989 महिलाएं और 52 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। प्रारूप सूची जारी होने के बाद अब जिम्मेदारी सिर्फ निर्वाचन कार्यालय की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है कि वह अपना और परिवार के पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में जरूर जांचे।

सबसे खास बात यह है कि इस बार पहली बार मतदान करने की तैयारी कर रहे युवाओं को भी अग्रिम आवेदन की सुविधा दी गई है। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष पूरे करने वाले युवा भी पहले से आवेदन जमा कर सकेंगे। यानी युवाओं को मतदाता बनने के लिए अंतिम समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, प्रवासी भारतीयों के लिए फॉर्म-6ए, नाम हटाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन, स्थानांतरण एवं दिव्यांगता चिह्नांकन के लिए फॉर्म-8 निर्धारित किया गया है।

अब आवेदन के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की भी जरूरत नहीं है। नागरिक निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in अथवा ECINET मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में भी जमा किए जा सकते हैं।

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। प्राप्त आवेदनों का निराकरण 28 दिसंबर तक होगा, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा। इसका मतलब साफ है कि जिन लोगों का नाम सूची में नहीं है या जिनकी जानकारी गलत दर्ज है, उनके पास इसे दुरुस्त कराने का पर्याप्त अवसर है।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक में पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई। राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को फोटोयुक्त मुद्रित मतदाता सूची और फोटो रहित सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई। साथ ही मतदान केंद्रवार सूची ऑनलाइन प्राप्त करने की सुविधा से भी अवगत कराया गया।

वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं तथा वंचित एवं कमजोर वर्गों के पंजीयन के लिए विशेष शिविर और जिला एवं विधानसभा स्तर पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। ECINET एप में ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के जरिए संबंधित बूथ लेवल अधिकारी से बातचीत के लिए अनुरोध भी भेजा जा सकता है। पंजीयन के बाद मतदाता पोर्टल अथवा एप से ई-एपिक डाउनलोड करने की सुविधा भी मिलेगी।

जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम प्रकाशन का इंतजार करने के बजाय अभी प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें। मतदाता पंजीयन से जुड़ी किसी भी परेशानी के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवकुमार बनर्जी, निर्वाचन पर्यवेक्षक अंकित तिवारी, सहायक निर्वाचन पर्यवेक्षक ब्रजेश पांडेय सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!
Latest