क्राइम

चाकूबाजों का बेखौफ आतंक! पांच साथियों के साथ पहुंचे युवक ने पुरानी रंजिश में गले पर किया चाकू से जानलेवा वार, गंभीर हालत में CIMS में भर्ती…

बिलासपुर में चाकूबाजी की घटनाओं पर नहीं लग रहा अंकुश, गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद जानलेवा हमले तक पहुंचा; वारदात के बाद आरोपी साथियों समेत फरार

बिलासपुर। न्यायधानी में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुरानी रंजिश, मामूली विवाद और आपसी दुश्मनी अब खुलेआम जानलेवा हमलों में तब्दील होती जा रही है। अपराधियों के बढ़ते हौसले का ताजा मामला देवरीखुर्द से सामने आया है, जहां पांच साथियों के साथ पहुंचे एक युवक ने पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पीड़ित के गले के पास चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। घायल युवक का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार देवरीखुर्द में राजा डेयरी के पास रहने वाला शिवेश सिंह, पिता विजय सिंह, शुक्रवार रात करीब 11 बजे अपने घर के पास पहुंचा था। उसका एक दोस्त उसे छोड़कर वापस लौट गया। इसी दौरान राहुल श्रीवास अपने पांच अन्य साथियों के साथ वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि राहुल और शिवेश के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश को लेकर राहुल ने शिवेश से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और धमकी तक पहुंच गया।

आरोप है कि शिवेश के विरोध करने पर राहुल ने उसे जान से मारने की धमकी दी और अचानक चाकू निकालकर उसके गले के पास वार कर दिया। अचानक हुए हमले से शिवेश संभल भी नहीं पाया और उसके गले में गंभीर चोट आ गई। जान बचाने के लिए घायल युवक किसी तरह वहां से भागा। वहीं हमला करने के बाद राहुल और उसके पांचों साथी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल शिवेश को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़ित पक्ष की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

आखिर कब थमेगा चाकूबाजों का आतंक?

देवरीखुर्द की यह घटना एक बार फिर न्यायधानी की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। शहर में आए दिन चाकूबाजी और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। पुरानी रंजिश के नाम पर खुलेआम चाकू निकालकर किसी की जान लेने की कोशिश करना बताता है कि असामाजिक तत्वों में कानून का भय कितना कम होता जा रहा है। सवाल यह है कि आखिर शहर में चाकू लेकर घूमने और मामूली विवादों को खूनी संघर्ष में बदलने वालों पर प्रभावी अंकुश कब लगेगा? पुलिस की कार्रवाई के साथ-साथ ऐसे तत्वों पर सख्त निगरानी और समय रहते प्रतिबंधात्मक कदम उठाना भी जरूरी है, ताकि न्यायधानी के आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम रह सके।

error: Content is protected !!
Latest