Advertisement
क्राइमछत्तीसगढ़पुलिसबिलासपुरराजनीति

पान दुकान चलाने वाला हिस्ट्रीशीटर के पिस्टल से चली गोली, एक युवक की मौत

बिलासपुर। तोरवा क्षेत्र के लालखदान-महमंद में भाजपा नेता के जन्मदिन पार्टी में गोली चलने से युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद पार्टी में हड़कंप मच गया। दहशत में भाजपा नेता सहित युवक वहां से भाग निकले। वहीं फायरिंग करने वाले युवक ने सरेंडर कर दिया है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को भी गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, अवैध पिस्टल उसी की थी, जिससे गोली चली थी।

पुलिस के अनुसार लालखदान-महमंद निवासी चंद्रप्रकाश सूर्या भाजपा नेता है और वह मस्तूरी क्षेत्र में सक्रिय है। रविवार की शाम वह अपने घर के पास जन्मदिन पार्टी मना रहा था। उसकी पार्टी में समर्थक युवकों के साथ मोहल्ले के युवक शामिल थे। इस दौरान युवकों की भीड़ जुटी हुई थी। पार्टी में तोरवा क्षेत्र के आदतन अपराधी बिल्लू श्रीवास भी पहुंचा था। सभी पार्टी की जश्न मनाने में मशगुल थे। इस दौरान आदतन अपराधी बिल्लू अपनी जेब से पिस्टल निकालकर लहराने लगा। उसे देखकर पार्टी में मौजूद युवक गुड्डा सिंह ठाकुर उर्फ राम बचन सिंह ठाकुर पिता रूप सिंह (39) ने पिस्टल अपने हाथ में ले लिया और उसे देखने लगा। तभी झूमाझटकी में अचानक पिस्टल का ट्रिगर दब गया और फायरिंग हो गई। पिस्टल से निकली गोली भाजपा नेता के भांजे दुर्गेश सूर्यवंशी पिता स्व. रामाधार सूर्यवंशी के सीने में जा घुसी और आरपार निकल गई। फायरिंग होते ही पार्टी में मौजूद युवकों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से दुर्गेश अचेत होकर गिर पड़ा। इस बीच उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही हड़कंप मच गया। वहीं युवकों की भीड़ पार्टी छोड़कर गायब हो गए। भाजपा नेता चंद्रप्रकाश सूर्या समेत समर्थक भी चंपत हो गए। इधर गोली चलते व युवक की मौत के बाद आरोपी गुड्डा सिंह ठाकुर ने अपने रिश्तेदार को घटना की जानकारी दी। फिर रिश्तेदारों ने उसे तत्काल पुलिस अफसरों से संपर्क कर सरेंडर करा दिया। उससे पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आदतन अपराधी बिल्लू श्रीवास को भी पकड़ लिया है। पुलिस की पूछताछ में बताया कि पिस्टल आदतन अपराधी बिल्लू की है। पुलिस ने उससे पिस्टल जब्त करने के बाद आरोपी बिल्लू को भी पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


लालखदान क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर बिल्लू का आतंक है। वह पान दुकान की आड़ में कई अवैध कारोबार चलाता है और रंगदारी भी करता है। मस्तूरी क्षेत्र में सूदखोरी के साथ ही कई अपराधों में शामिल रहता है। लेकिन, पिछले लंबे समय से वह तोरवा पुलिस के संरक्षण में था। यही वजह है कि लंबे समय से पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही थी।

error: Content is protected !!