Advertisement
राजनीति

बिजली बिल के मुद्दे पर पूर्व सीएम रमन सिंह ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा, हाफ के नाम पर बढ़ा दी दरें…

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने बिजली बिल में वृद्धि पर कहा कि बिजली बिल हाफ करने वाली कांग्रेस सरकार ने 4 बार बिजली की दरों में वृद्धि की है...

छत्तीसगढ़ में बिजली बिल की दरों में वृद्धि के फैसले के अब भाजपा के नेता सरकार पर हमला बोल रहे हैं। आज पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र राजनांदगांव के दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने बिजली बिल की दरों में वृद्धि और कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर जमकर निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जन्मदिवस पखवाड़ा मनाया जाएगा।

बिजली बिल के मुद्दे पर साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने बिजली बिल में वृद्धि पर कहा कि बिजली बिल हाफ करने वाली कांग्रेस सरकार ने 4 बार बिजली की दरों में वृद्धि की है। बिजली के बिल में 30 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी हुई है। बिजली बिल चुकाना आज गरीबों के लिए मुश्किल हो गया है। डॉ रमन सिंह ने कहा कि अगर किसी का बिजली बिल पहले 900 रुपए आता था, तो अब 1300 रुपए के करीब आएगा। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार में महंगाई बढ़ती जा रही है।

एक दिवसीय दौरे पर राजनांदगांव पहुंचे थे पूर्व सीएम

अपने एक दिवसीय दौरे पर राजनांदगांव पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी को भारत जोड़ो नहीं बल्कि कांग्रेस जोड़ो यात्रा की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी 27 सालों में राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बदल सके वो देश में क्या परिवर्तन लाएंगे। उन्होंने कहा कि कभी कांग्रेस की सरकार 18 से 20 राज्यों में होती थी, अब केवल 2 राज्यों में है।

2 लाख यूनिट ब्लड डोनेट करेंगे भाजयुमो कार्यकर्ता

राजनांदगांव पहुंचे डॉ रमन सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेश भर में जन्मदिन पखवाड़ा मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान 2 लाख यूनिट ब्लड डोनेट कर भाजयुमो कार्यकर्ता रिकॉर्ड बनाएंगे। इसी सिलसिले में राजनांदगांव स्थित अपने निवास में पुर्व सीएम ने भाजपा के कोर ग्रुप की बैठक भी ली। जिसमें भाजपा जिला अध्यक्ष, पूर्व विधायक और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए।

error: Content is protected !!