Advertisement
क्राइम

बिलासपुर: पति-पत्नी और साथी ने ब्लैकमेल करने किया अपहरण, विवाद होने पर कर दी हत्या, काम मांगने गया तो हुई पहचान…

आसमां सिटी में रहने वाली अकबरी खातून ने अपने पति वकील अंसारी के अपहरण की शिकायत की है। इस पर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इस दौरान पता चला कि प्रापर्टी डीलर तीन

बिलासपुर। एक युवक कर्ज से छुटकारा पाने के लिए अपनी पत्नी को आगे कर प्रापर्टी डीलर को फंसाने की योजना बनाई। इसके बाद उसके साथ अपनी पत्नी को भेज दिया। अंबिकापुर में एक रात महिला प्रापर्टी डीलर के साथ रही। इसके बाद युवक प्रापर्टी डीलर को रास्ते में रोककर ब्लैकमेल करने लगा। इसका विरोध करने पर उसने प्रापर्टी डीलर की हत्या कर दी। शव को उन्होंने बिलासपुर से ले जाकर केशकाल घाटी में फेंक दिया। मामले में सकरी पुलिस ने युवक और उसकी पत्नी के साथ ही एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

सकरी क्षेत्र के आसमां सिटी में रहने वाली अकबरी खातून ने अपने पति वकील अंसारी के अपहरण की शिकायत की है। इस पर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इस दौरान पता चला कि प्रापर्टी डीलर तीन नवंबर 2022 को अंबिकापुर के एक होटल में महिला के साथ रुका था। इसके बाद उनका मोबाइल बंद आ रहा था। बीच-बीच में प्रापर्टी डीलर का मोबाइल चालू होता था। इधर पुलिस की टीम मोबाइल लोकेशन के आधार उनकी तलाश में जुटी हुई थी।

साथ ही उनके बैंक खाते से भी अलग-अलग जगहों से रुपये निकाले जा रहे थे। बैंक से पुलिस इसकी भी जानकारी ले रही थी। इसी आधार पर पुलिस ने भिलाई की विश्वबैंक कालोनी में रहने वाले हेमंत साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसमें उसने अपनी पत्नी संतोषी वर्मा को आगे कर प्रापर्टी डीलर को ब्लैकमेल करने की योजना बनाई। इसमें सफल नहीं होने पर अपने दोस्त गणेश यादव निवासी विश्वबैंक कालोनी को उसकी हत्या कर लाश को केशकाल घाटी में फेंकना बताया।

इस पर पुलिस ने कोंडागांव पुलिस से संपर्क कर लाश के संबंध में जानकारी जुटाई। इसमें पता चला कि केशकाल पुलिस ने 11 दिसंबर 2022 को घाटी से एक क्षत-विक्षत शव बरामद किया है। शव के पास मिली घड़ी के आधार पर स्वजन ने उसकी पहचान वकील अंसारी के रूप में की। इस पर पुलिस ने अपहरण, हत्या और साक्ष्य छुपाने के आरोप में तीनों को गिरफ्तार किया है। आरोपित को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

काम मांगने गया तो हुई पहचान: प्रापर्टी डीलर की हत्या के मामले में गिरफ्तार हेमंत साहू जुआ और सट्टे का आदी था। इसके कारण वह कर्ज में डूब गया था। कर्ज से परेशान होकर वह भिलाई छोड़कर दूसरी जगह काम की तलाश कर रहा था। इसी दौरान अक्टूबर महीने में वह भाठापारा के एक पेट्रोल पंप में काम मांगने गया था। वहां पर वकील अंसारी मौजूद था। उसने खुद को पेट्रोल पंप का मालिक बताया। इसके साथ ही उसने अपने कई पेट्रोल पंप होने की बात कही। इसके बाद वह हेमंत की पत्नी से बात करने लगा। उसकी हरकतों से हेमंत ने अपनी पत्नी को आगे कर ब्लैकमेल करने की योजना बना ली। बातचीत के दौरान प्रापर्टी डीलर ने उसकी पत्नी को अंबिकापुर चलने के लिए कहा। पति के कहने पर वह उसके साथ अंबिकापुर चली गई।

रास्ते में रोककर दी धमकी: प्रापर्टी डीलर हेमंत की पत्नी को लेकर अंबिकापुर गया था। उसके पीछे ही हेमंत और गणेश दूसरी गाड़ी में थे। दोनों उन्हें रास्ते में रोककर ब्लैकमेल करने की फिराक में थे। प्रापर्टी डीलर गाड़ी की रफ्तार अधिक होने के कारण उसे रास्ते में नहीं रोक पाए। इधर प्रापर्टी डीलर उसकी पत्नी को लेकर अंबिकापुर पहुंच गया। एक रात होटल में रुकने के बाद वह महिला को लेकर बिलासपुर लौट रहा था। कोनी बाइपास में प्रापर्टी डीलर रुका था। आरोपित हेमंत और गणेश वहां पहुंच गए। महिला और प्रापर्टी डीलर के आपत्तिजनक स्थिति में देखकर दोनों उसे ब्लैकमेल करने लगे। इसका विरोध करने पर हेमंत ने प्रापर्टी डीलर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

कार को बाइपास में छोड़कर भागे: आरोपित हेमंत ने प्रापर्टी डीलर पर हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद उसकी कार को बाइपास में छोड़कर अपनी कार में बिठकार उसे बलौदाबाजार की ओर भाग निकले। वहां से वे उसे लेकर केशकाल की तरफ जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने घायल प्रापर्टी डीलर से फोन पे और एटीएम का पिन नंबर पूछ लिया था। केशकाल घाटी के पहले प्रापर्टी डीलर की कार में ही मौत हो गई। इस पर उन्होंने शव को घाटी में फेंक दिया। इधर घटना सप्ताह भर बाद पुलिस ने प्रापर्टी डीलर की कार को बाइपास से लावारिस हालत में जब्त कर लिया।

पत्नी को कहा था रुपये की व्यवस्था करने: प्रापर्टी डीलर तीन नंवबर की दोपहर दो बजे के करीब अंबिकापुर जाने के नाम पर निकले थे। इसके बाद उन्होंने चार नवंबर की रात 11 बजे अपनी पत्नी अकबरी खातून को काल किया। प्रापर्टी डीलर ने अपनी पत्नी को बताया कि वे फंस गए हैं। साथ ही 10 लाख की व्यवस्था करने के लिए कहा। इसके बाद उसने दूसरे दिन आने की बात कहते हुए फोन काट दिया। बाद में उनका फोन बंद आने लगा।

अपहरण के मामले में भी रहा है आरोपित: सरकंडा के जबड़ापारा में रहने वाले विजय केशरवानी के पुत्र हर्ष केशरवानी व विक्की केशरवानी का 24 अप्रैल 2017 की दोपहर स्कार्पियो सवार अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया। दूसरे दिन सुबह अपहरणकर्ताओं ने दोनों भाइयों को छोड़ दिया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने प्रापर्टी डीलर वकील अंसारी और उसके साथियों को गिरफ्तार किया था। इसकी सुनवाई के दौरान न्यायालय ने संदेह का लाभ देते हुए वकील अंसारी को दोषमुक्त किया।

इस तरह से पकड़े गए आरोपित: प्रापर्टी डीलर के अपहरण का मामला दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। इधर आरोपित हेमंत और उसकी पत्नी प्रापर्टी डीलर की लाश को ठिकाने लगाने के बाद लगातार उसके एटीएम कार्ड का उपयोग कर रहे थे। वहीं, प्रापर्टी डीलर के मोबाइल को भी अलग-अलग जगहों पर जाकर वे चालू करते थे। मोबाइल की लोकेशन लेकर पुलिस की टीम अंबिकापुर, कांकेर, कोंडागांव, हैदराबाद, नागपुर, आगरा, मथुरा और बिहार में जाकर जांच कर रही थी। प्रापर्टी डीलर की मोबाइल लोकेशन लेने पर एक नंबर लगातार सक्रिय मिल रहा था। अलग-अलग राज्यों में मिले इस नंबर के आधार पर ही पुलिस की टीम आरोपित हेमंत तक पहुंची।

error: Content is protected !!