बिलासपुर नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महापौर प्रत्याशी एल पद्मजा की जाति को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाई गई आपत्ति को रिटर्निंग अफसर ए. आर. कुरुवंशी ने खारिज कर दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद नायक ने एल पद्मजा के जाति प्रमाण पत्र की वैधता पर सवाल उठाते हुए इसे फर्जी बताया था। हालांकि, जांच के बाद निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जाति प्रमाण पत्र सक्षम अधिकारी द्वारा जारी किया गया है, इसलिए आपत्ति स्वीकार नहीं की गई।
कांग्रेस की आपत्ति और भाजपा प्रत्याशी की सफाई
बुधवार सुबह कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी प्रमोद नायक ने आरोप लगाया कि एल पद्मजा ने पिछड़ा वर्ग (OBC) का प्रमाणपत्र गलत तरीके से प्राप्त किया है। उनका दावा था कि भाजपा प्रत्याशी तेलंगाना की मूल निवासी हैं और छत्तीसगढ़ में पिछड़ा वर्ग की श्रेणी में नहीं आतीं। उन्होंने यह भी कहा कि एल पद्मजा के पिता एल नारायण राव रेलवे में ड्राइवर थे और उनकी बहन नीरजा सिन्हा सामान्य वर्ग में आती हैं। ऐसे में भाजपा प्रत्याशी का पिछड़ा वर्ग प्रमाणपत्र संदिग्ध है।
हालांकि, चुनाव अधिकारी ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि प्रमाणपत्र वैध रूप से जारी किया गया है। इस फैसले से भाजपा को राहत मिली है और अब एल पद्मजा निर्विरोध चुनावी प्रक्रिया में आगे बढ़ सकती हैं।
पार्षद प्रत्याशियों के नामांकन में भी अस्वीकृत आवेदन
महापौर पद के अलावा नगर निगम के पार्षद पद के लिए नामांकन पत्रों की भी जांच की गई, जिसमें छह उम्मीदवारों के आवेदन विभिन्न कारणों से खारिज कर दिए गए। अस्वीकृत प्रत्याशियों में वार्ड 13 से नर्मदा पटेल और श्याम पटेल, वार्ड 51 से राजकुमार साहू, वार्ड 52 से अनिता पाटिल, वार्ड 55 से शबनम बेगम और वार्ड 68 से मीनाक्षी पटेल शामिल हैं।
खारिज किए गए नामांकन के कारण:
- नर्मदा पटेल (वार्ड 13): चुनाव आयोग की निर्हरित सूची में नाम शामिल होने के कारण।
- श्याम पटेल (वार्ड 13): आरक्षित सीट के लिए जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत न करने के कारण।
- अन्य 4 प्रत्याशी: नामांकन पत्रों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी के कारण।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, 31 जनवरी को दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकते हैं। इसके बाद, प्रतीक चिन्ह आवंटित कर अंतिम सूची जारी की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक पहुंचे
चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक विनीत नंदनवार बिलासपुर पहुंच चुके हैं। वे वर्ष 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में भू-अभिलेख संचालक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी ठहरने की व्यवस्था न्यू सर्किट हाउस के कक्ष क्रमांक 3 में की गई है। आम जनता सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक चुनाव संबंधी शिकायतें दर्ज करा सकती है।


