बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा स्थित गणेश नगर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का खून से लथपथ शव बीच सड़क पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची सिरगिट्टी पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गणेश नगर निवासी इरफान बघीरा (26 वर्ष) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह जब मोहल्ले के लोग अपने घरों से बाहर निकले तो उन्होंने गली के बीचों-बीच युवक का शव पड़ा देखा। शव के आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से खून से सने सीमेंट के दो बड़े पोलनुमा पत्थर बरामद हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात हमलावरों ने इन्हीं भारी पत्थरों से युवक पर हमला कर उसकी निर्मम हत्या की है। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस हत्या के विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, वहीं क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
गणेश नगर में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। दिन निकलते ही सड़क पर शव मिलने की घटना ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई हैं।


