बिलासपुर। जिले में अवैध रूप से संचालित हुक्का बारों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में चकरभाठा पुलिस ने बोदरी स्थित एक होटल की छत पर चल रहे अवैध हुक्का संचालन का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में अवैध रूप से होटल और बार में हुक्का संचालन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसी निर्देश के पालन में थाना प्रभारी उमेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
रविवार 8 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बोदरी स्थित होटल शिवा इन की छत पर अवैध रूप से हुक्का पिलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान होटल की छत पर हुक्का संचालित करते हुए आरोपी सिद्धार्थ गुप्ता (39 वर्ष) को पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 हुक्का पॉट, 6 पैकेट कोको जेल कोयला, 12 स्टैंड, 12 चिलम, 12 पाइप, 1 कोल हिटर, 3 प्लास्टिक डिब्बों में सिगरेट व तंबाकू युक्त फ्लेवर तथा 5 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 55 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी सिद्धार्थ गुप्ता पिता ओमप्रकाश गुप्ता (39 वर्ष), निवासी होटल शिवा इन बोदरी, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 (COTPA) की धारा 21(1), 21(2), 27 और 4 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।


